दलजीत के शो से पहले स्कूलों को धमकी देने वाले ईमेल का खुलासा, हैक हुई थी आईडी

इंदौर. सिंगर दलजीत के शो से पहले शहर के विभिन्न स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ईमेल के मामले में क्राइम ब्रांच की जांच में हैकिंग का खुलासा हुआ है. जिन ईमेल आईडी से धमकी भरे संदेश भेजे थे, वे देवास की इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग कंपनी में कार्यरत निखिल गुप्ता की थीं. तकनीकी जांच में सामने आया कि उनकी ईमेल आईडी मार्च अप्रैल 2026 में ही हैक हो चुकी थी और इसके जरिए अमेरिका की आईपी तथा वीपीएन का इस्तेमाल कर धमकी भरे संदेश भेजे थे.

ईमेल आईडी के आधार पर क्राइम ब्रांच ने निखिल गुप्ता को पूछताछ के लिए बुलाया था. जांच में निखिल ने बताया कि ईमेल आईडी हैक होने के बाद उन्होंने उसे रिकवर करने के कई प्रयास किए थे और दोस्तों को भी इसकी जानकारी दी थी. पुलिस ने उनके दावों का तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन किया. लॉगिन क्रेडेंशियल और तकनीकी डेटा की जांच में अमेरिका की आईपी और वीपीएन के इस्तेमाल की पुष्टि हुई. इससे स्पष्ट हुआ कि हैकर्स ने निखिल की ईमेल आईडी का दुरुपयोग कर देश के अलग अलग स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां भेजी थीं. बयान और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पुलिस ने निखिल को छोड़ दिया है. अब क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की टीमें असली हैकर्स की पहचान और उनकी तलाश में जुटी हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रतिवेदन भी भेजा है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि तकनीकी जांच में ईमेल आईडी हैक होने और अमेरिका की आईपी व वीपीएन के इस्तेमाल के तथ्य सामने आए हैं. निखिल गुप्ता से पूछताछ और साक्ष्यों के सत्यापन के बाद उन्हें छोड़ दिया है. अब मुख्य हैकर्स की तलाश की जा रही है.

Next Post

गोपाष्टमी पर मालवा भ्रमण पर जाएंगे ओंकार जी महाराज, 15 दिन बाद भैरव अष्टमी पर होगी वापसी

Thu Nov 12 , 2026
ओंकारेश्वर। प्राचीन परंपरा के अनुसार ओंकारेश्वर भगवान कार्तिक सुदी गोपाष्टमी पर 15 दिन के लिए मालवा भ्रमण पर जाएंगे और भैरव अष्टमी पर वापस मंदिर लौटेंगे। विद्वान पंडित गोपाल दुबे ने बताया कि इस वर्ष गोपाष्टमी 17 नवंबर को है। प्रातः मंगला आरती के बाद ओंकार जी महाराज मालवा भ्रमण […]

You May Like