विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में कॉलोनी में शराब पीने से रोकना एक कॉलोनाइजर को भारी पड़ गया। आरोप है कि शराब पी रहे युवकों ने पहले कॉलोनी की महिलाओं के साथ अभद्रता की और विरोध करने पहुंचे कॉलोनाइजर सुनील गुप्ता के साथ मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, आरोपियों पर उनके कार्यालय में तोड़फोड़ करने और करीब साढ़े तीन लाख रुपए ले जाने का भी आरोप है। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज कॉलोनाइजर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को घटना का वीडियो दिखाकर कार्रवाई की मांग की।
सुनील गुप्ता के मुताबिक, उनकी कॉलोनी में निखिल यादव अपने दो साथियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। कॉलोनी की महिलाओं ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। विवाद की जानकारी मिलने पर पहले कॉलोनी का गार्ड और फिर सुनील गुप्ता मौके पर पहुंचे। आरोप है कि यहां उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
सुनील गुप्ता का कहना है कि शुरुआत में आरोपियों के परिजन माफी मांगने पहुंचे थे, जिसके बाद उन्होंने पुलिस कार्रवाई नहीं कराई। लेकिन अगले ही दिन बीच सड़क पर उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उनके कार्यालय पहुंचे, जहां तोड़फोड़ की गई और करीब साढ़े तीन लाख रुपए ले जाए गए।
*एफआईआर के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप*
कॉलोनाइजर के मुताबिक, उन्होंने 5 नवंबर को मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन सात दिन तक पुलिस की ओर से जांच और मौका मुआयना नहीं किया गया। उन्होंने अपनी और कॉलोनी के अन्य लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। सुनील गुप्ता का आरोप है कि कुछ संदिग्ध वाहन उनका पीछा कर रहे हैं।
इन्हीं शिकायतों को लेकर वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को मारपीट का वीडियो दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
*पुलिस ने दिया जांच और कार्रवाई का आश्वासन*
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मारपीट का वीडियो सामने आया है और सुनील गुप्ता का आवेदन भी प्राप्त हुआ है। सीएसपी सुरेंद्र सिंह के मुताबिक, मामले की विधिवत जांच की जाएगी। वीडियो फुटेज के आधार पर वैधानिक कार्रवाई होगी और आरोपियों के दोषी पाए जाने पर उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
