सिविल अस्पताल में शराबी युवकों ने मचाया उपद्रव, डॉक्टर, स्टाफ को पीटा, गेट तोड़ा

जबलपुर: सिविल अस्पताल पाटन में शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने जमकर उत्पाद मचाया। आरोपियों ने न सिर्फ इमरजेंसी वार्ड के दरवाजे पर लात मारकर तोडफ़ोड़ की, बल्कि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के साथ अभद्रता करते हुए उनके साथ मारपीट कर दी। बीच बचाव करने आए सुरक्षा गार्ड और ड्रेसर को भी गंभीर चोटें आई हैं। पाटन पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविल अस्पताल पाटन में पदस्थ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मयूर विश्वरूप (30) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि बीती रात वह नर्सिंग ऑफिसर शालिनी सोनी, ड्रेसर दिलीप रजक, सुरक्षा गार्ड ऋषि प्रजापति और सुपरवाइजर रत्नेश नामदेव के साथ नाइट ड्यूटी पर थे। डॉ. मयूर एक महिला मरीज प्रीति बाई लडिय़ा का चेकअप कर रहे थे।

इसी दौरान शंभू सेन और टीटू सेन नाम के दो युवक अत्यधिक शराब के नशे में अस्पताल पहुंचे और इमरजेंसी वार्ड के मुख्य गेट पर जोरदार लात मारकर अंदर घुस आए। अंदर घुसते ही दोनों युवक डॉक्टर और स्टाफ को देखकर बिना वजह उनके साथ विवाद करने लगे। सुरक्षा गार्ड ऋषि प्रजापति ने उन्हें शालीनता से टोकते हुए इलाज के लिए कैजुअल्टी रूम में जाने की सलाह दी। इतनी सी बात पर दोनों आरोपी भडक़ गए और गार्ड के साथ मारपीट शुरू कर दी।

इसी बीच उनका तीसरा साथी शंकर सेन भी वहां आ धमका। तीनों आरोपियों ने कैजुअल्टी रूम में घुसकर डॉक्टर मयूर विश्वरूप के साथ अभद्रता की और मारपीट पर आमादा हो गए। जब अस्पताल के स्टाफ ने डॉक्टर को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने ड्रेसर दिलीप रजक और गार्ड ऋषि प्रजापति को घेरकर बेरहमी से पीटा। इस झूमाझपटी और मारपीट में गार्ड ऋषि के दोनों हाथों की उंगलियों में फ्रैक्चर जैसी चोटें आई हैं, जबकि ड्रेसर दिलीप का कंधा चोटिल हुआ है। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी पूरे स्टाफ को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

Next Post

सायबर हैकाथॉन प्रतियोगिता में विजयी हुई टीमों को किया सम्मानित

Wed Jul 8 , 2026
जबलपुर: सेफ क्लिक 2.0 के तहत पुलिस का सायबर सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता अभियान लगातार जारी है। कन्ट्रोल रूम जबलपुर में आयोजित सायबर हैकाथॉन प्रतियोगिता में विजयी हुई टीमों को पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय द्वारा सम्मानित किया गया। इसके साथ ही इन्फ्लूयेंसरों की बैठक ली जिसमें जनजागरूकता के सम्बंध मे […]

You May Like