बुधनी। स्वच्छता के क्षेत्र में बुधनी ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है. स्वच्छता सर्वेक्षण में 25 हजार आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बुधनी ने देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जबकि मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है. 11 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर परिषद को राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार से सम्मानित किया.
छोटे से नगर बुधनी की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि बेहतर प्रबंधन, मजबूत इच्छाशक्ति और नागरिकों की सहभागिता से राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई जा सकती है. नगर में घर-घर कचरा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण तथा वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निष्पादन स्वच्छता व्यवस्था की प्रमुख विशेषताएं हैं.
नगर परिषद द्वारा प्रतिदिन शाम 6 बजे से पहले शत-प्रतिशत कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जा रहा है. गीले कचरे से जैविक खाद तैयार कर उद्यानों एवं पौधों में उपयोग किया जाता है, जबकि सूखे कचरे के प्रसंस्करण से नगर परिषद को प्रतिमाह लगभग 70 से 80 हजार रुपये की आय प्राप्त हो रही है. आधुनिक मशीनों के माध्यम से कचरे का पृथक्करण और प्रसंस्करण किया जा रहा है।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मालवीय के नेतृत्व एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी डॉ. प्रशांत जैन के मार्गदर्शन में स्वच्छता अभियान को लगातार गति दी गई. स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर अर्जुन मालवीय ने भी नागरिकों को अभियान से जोडऩे में अहम भूमिका निभाई. सफाई मित्रों ने भी अपनी भूमिका का सराहनीय प्रदर्शन किया.
