सतना। रीवा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा अन्नदाताओं को लेकर दिए गए एक विवादित बयान के विरोध में बुधवार को किसान कांग्रेस ने शहर के धवारी चौराहे पर उग्र प्रदर्शन करते हुए सांसद के खिलाफ रोष व्यक्त कर सांसद जनार्दन मिश्रा का पुतला दहन किया और उनसे देश के सभी किसानों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की.
उल्लेखनीय है कि 9 नवंबर को रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का एक बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर टिप्पणी की थी कि किसान साल में केवल 3 महीने खेती में मेहनत करते हैं और बाकी के 9 महीने अन्य गतिविधियों में समय बिताते हैं. इसी बयान को लेकर किसान वर्ग और विपक्षी संगठनों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष संतोष पांडेय ने भाजपा सांसद के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि देश का किसान कम बारिश, अत्यधिक वर्षा, सूखे की मार, समर्थन मूल्य की अनिश्चितता, खाद की किल्लत, बिजली संकट, सिंचाई की समस्याओं और मुआवजे जैसी अनगिनत मुश्किलों से जूझते हुए दिन-रात मेहनत कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है. ऐसे में संवैधानिक पद पर बैठे किसी जनप्रतिनिधि द्वारा किसानों की जीवनशैली को लेकर इस तरह की अपमानजनक टिप्पणी करना बेहद निंदनीय है.
भाजपा नेताओं का चरित्र हुआ उजागर: कांग्रेस
पुतला दहन के दौरान किसान कांग्रेस के नेताओं ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि इस तरह के बयानों से भाजपा नेताओं की सोच और उनका असली चरित्र जनता के सामने बेनकाब हो गया है. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सांसद ने अपने बयान पर माफी नहीं मांगी, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और अधिक तीव्र किया जाएगा.
