सतना: जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के चकेरा उमरी गांव में फसल कटाई को लेकर हुए खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है. बुधवार शाम हुई इस हिंसक झड़प में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में से एक की स्थिति नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है.प्राप्त जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत तब हुई जब तिवारी परिवार के खेत में दूसरे पक्ष सेन समाज के कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर फसल काटी जा रही थी. जब ब्रजेश तिवारी ने उन्हें फसल काटने से रोका, तो बात बढ़ गई.
आरोप है कि इसी बात पर बाबूलाल सेन ने गाली-गलौज शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव और स्थिति संभालने के लिए ब्रजेश के भाई दिनेश तथा उनके बेटे अर्पण, मनीष और अभय तिवारी भी मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि इसके बाद बाबूलाल सेन ने अपने परिवार के सदस्यों—चंदू सेन, प्रेमलाल, कल्लू और अन्य लोगों के साथ मिलकर तिवारी परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मारपीट में शामिल रहे अन्य लोगों की भूमिका की गहराई से जांच शुरू कर दी है.
एक की हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी
इस पूरी घटना में तिवारी परिवार के पांचों सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के दौरान ब्रजेश तिवारी की हालत बेहद गंभीर पाई गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर के लिए रेफर कर दिया. वहीं, अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है.
