इंदौर: देवगुराड़िया और लसूड़िया क्षेत्र में बीती रात आग लगने की दो बड़ी घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई. पशु आहार फैक्ट्री और कबाड़ दुकान में लगी आग को बुझाने में दमकल को घंटों मशक्कत करनी पड़ी. दोनों घटनाओं में जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों के नुकसान की आशंका है.पहली घटना रात करीब 11:15 बजे देवगुराड़िया मंदिर के पीछे स्थित एक पशु आहार फैक्ट्री में हुई. एसआई संतोष कुमार दुबे ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की दो टीमें मौके पर पहुंचीं.
पक्के शेड में संचालित फैक्ट्री में आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और धुआं दूर तक फैल गया. यह फैक्ट्री बिचौली हप्सी निवासी खुशबू पति विनीत अग्रवाल की बताई जा रही है. आग में बड़ी मात्रा में तैयार पशु आहार, मशीनरी, डस्ट और अन्य सामान जलकर खाक हो गया. करीब 45 हजार लीटर पानी की मदद से सुबह 4 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका.
घटना के समय फैक्ट्री में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था. इसी तरह दूसरी घटना रात करीब 12 बजे लसूड़िया थाना क्षेत्र में थाने के पीछे स्थित एक कबाड़ दुकान में हुई. एसआई सुशिल दुबे ने बताया कि यहां आग लगने की सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने करीब 25 हजार लीटर पानी का उपयोग कर आग बुझाई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग दुकान के बाहर रखे स्क्रैप में लगी थी, जिसकी चिंगारी अंदर रखे कार्डबोर्ड तक पहुंचने से पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई. दोनों ही मामलों में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
