जबलपुर:जिला, पुलिस और निगम प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में पूरे शहर भर में अवैध कब्जों के खिलाफ चल रही कार्रवाई बुधवार को भी जारी रही। अतिक्रमण दस्ते द्वारा इन्द्रा मार्केट में रात के समय रिपीट कार्रवाई की गयी जिस दौरान कई अवैध कब्जों को हटाया गया और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया गया। कार्रवाई के संबंध में अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि अतिक्रमण अमले ने राइट टाउन क्षेत्र से यातायात में बाधक ठेले टपरे हटाए वहीं दुकानों के बाहर अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए और चालानी कार्यवाही की गई। इसी प्रकार गोहलपुर लेमा गार्डन में ब्लॉक जी4/7 आवास योजना के अंतर्गत उक्त आवास को खाली किया गया। गढ़ा बाजार क्षेत्र में सड़क पर सभी अस्थाई अतिक्रमण को अलग किया गया, शुक्ला नगर में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गयी।
इन इलाकों में भी हुई कार्रवाई
अतिक्रमण प्रभारी के अनुसार अतिक्रमण दस्ते ने नया मोहल्ला में नाली के ऊपर किए गए अतिक्रमण को भी अलग किया, बंदरिया तिराहा ओजस इंपीरियल के सामने अस्थाई अतिक्रमण को अलग किया गया, गोलबाजार एचडीएफसी के सामने ठेले टपरे को अलग किया गया, वासु होटल छोटी लाइन फाटक रोड क्षेत्र नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को अलग किया गया। इसके अलावा मालवीय चौक, सिविक सेंटर ओर गोल बाजार इलाकों में लगातार मुनादी की जा रही है और चेतावनी दी जा रही है कि मुख्य मार्ग पर फल, सब्जी ,दुकानें तथा बैनर पोस्टर ठेले टपरे और अस्थाई अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
