मैहर: भारतीय शास्त्रीय संगीत, गायन, वादन एवं नृत्य की समृद्ध परंपरा को समर्पित 52वां उस्ताद अलाउद्दीन खां समारोह 13 नवंबर से मैहर में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ शाम 7 बजे स्टेडियम ग्राउंड, मैहर में होगा।कार्यक्रम के शुभारम्भ से एक दिवस पूर्व 12 नवंबर को पूर्वरंग कार्यक्रम का आयोजन उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम के फुटबॉल मैदान में शाम 07 बजे से किया जा रहा है इस कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के द्वारा सांस्कृतिक नृत्य, गायन एवं वादन की प्रस्तुति दी जाएगी।
13 नवंबर को उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह का शुभारंभ
मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा मैहर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती राधा सिंह करेंगी। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में सतना सांसद गणेश सिंह एवं मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी उपस्थित रहेंगे। वहीं विशेष गरिमामय उपस्थिति में जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल तथा मैहर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती गीता संतोष सोनी शामिल होंगी।
13 से 15 नवंबर तक तीन दिवसीय समारोह में भारतीय शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और संगीत परंपरा का उत्सव मनाया जाएगा। समारोह के आयोजन को लेकर कला एवं संस्कृति जगत में विशेष उत्साह है।
कार्यक्रम का आयोजन उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, भोपाल तथा संस्कृति संचालनालय, मध्यप्रदेश शासन के सहयोग से किया जा रहा है।
आयोजन से जुड़े प्रमुख अधिकारियों में उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर, मैहर कलेक्टर एवं जिला आयोजन समिति की अध्यक्ष श्रीमती बिदिशा मुखर्जी, संस्कृति संचालनालय के संचालक एन.पी. नामदेव तथा मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला शामिल हैं।
पहले दिन गायन और नृत्य की प्रस्तुतियां
13 नवंबर को समारोह में संतूर वादन, कथक, शास्त्रीय गायन और भरतनाट्यम की प्रस्तुतियां होंगी। कलाकारों में संतूर वादक शिवांग मिश्रा, कथक कलाकार एवं अन्य ख्यातनाम संगीत साधक शामिल रहेंगे।
दूसरे दिन वादन और नृत्य का संगम
14 नवंबर को तबला वादन, ओडिसी नृत्य, शास्त्रीय गायन और बांसुरी वादन की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
तीसरे दिन भी सजेगी सुरों की महफिल
15 नवंबर को ओडिसी नृत्य, संतूर वादन, शास्त्रीय गायन, मैंडोलिन वादन और कथक की प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। समारोह के अंतिम दिन भी संगीत और नृत्य की विविध विधाओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
समारोह का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय संगीत, पारंपरिक कलाओं और उस्ताद अलाउद्दीन खाँ की महान संगीत विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। यह आयोजन संगीत साधकों और कला प्रेमियों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा से रूबरू कराने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
