इंदौर: बिचोली मर्दाना इलाके में उस समय दहशत फैल गई, जब एक तेंदुए ने सड़क से गुजर रहे डिलीवरी बॉय पर अचानक हमला कर दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक अपनी बाइक से जा रहा था, तभी अचानक झाड़ियों से निकला तेंदुआ चलती बाइक पर छलांग लगा देता है।
हमले से घबराया डिलीवरी बॉय तुरंत बाइक छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए भाग जाता है। कुछ ही सेकंड की यह घटना इलाके में दहशत फैलाने के लिए काफी थी। घटना के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है और कई लोग घरों से बाहर निकलने से भी बच रहे हैं।घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम सक्रिय हो गई। तेंदुए की तलाश के लिए इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अकेले सुनसान रास्तों पर जाने से बचें और यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग या प्रशासन को सूचना दें। वायरल वीडियो ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही और लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
