मुंबई (वार्ता) बॉम्बे उच्च न्यायालय ने बुधवार को महाराष्ट्र सरकार को निर्देश दिया कि वह दिवंगत सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान के पिता की ओर से दायर याचिका पर जवाब दाखिल करे, जिसमें शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे और शहर के पूर्व पुलिस आयुक्त समेत अन्य पर उनकी बेटी की मौत में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
उन्होंने जून 2020 में रहस्यमय परिस्थितियों में दिशा सालियान के मृत पाए जाने की नए सिरे से जांच की भी मांग की है। सालियान दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर थीं।
न्यायमूर्ति एस वी कोटवाल और न्यायमूर्ति एस एम मोदक की खंडपीठ ने सालियान की याचिका के जवाब में निर्देश दिया, जिसमें उच्च न्यायालय से शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे के खिलाफ प्राथमिकी (प्रथम सूचना रिपोर्ट) दर्ज करने और जांच को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का आग्रह किया गया।
अपनी याचिका में श्री सालियन ने दावा किया कि दिशा की मौत आकस्मिक नहीं थी, बल्कि एक क्रूर बलात्कार और हत्या थी, जिसे कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों को बचाने और छिपाने के लिए राजनीतिक रूप से अंजाम दिया गया था।
गौरतलब है कि दिशा (28) की मौत आठ जून, 2020 को उपनगरीय मलाड में एक आवासीय इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने से हुई थी, जो 14 जून को बांद्रा स्थित सुशांत सिंह राजपूत की मौत से छह दिन पहले घटित हुई थी।
