
दमोह। जिला जेल में भी भाई दूज का पर्व मनाया जा रहा है। जिसमें बहने अपने कैदी भाइयों के लिए जेल में ही तिलक लगाने के लिए पहुंची है। इस बार जेल प्रशासन के द्वारा जेल के अंदर ही खुले मैदान में व्यवस्थाएं की है। ताकि महिलाएं आसानी से अपने भाइयों को तिलक लगा सके और उनसे मुलाकात हो सके।
सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मुलाकात का समय निर्धारित किया गया है। जिसमें शासन के नियमों के मुताबिक ही जेल के अंदर महिलाओं को प्रवेश दिया जा रहा है। हर बार जेल के मुख्य गेट के पास ही भाई दूज के पर्व के मौके पर बहने अपने भाइयों से मिलती थी, लेकिन इस बार जेल के उप जेलर एमएल पटेल के द्वारा जेल परिसर के अंदर ही खुले मैदान में व्यवस्था की है। ताकि एक साथ सभी बंदियों की बहने अपने भाइयों को मिल सके उन्हें तिलक लगा सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
सुबह 9 से ही महिलाएं जेल परिसर के बाहर लाइन में लग चुकी थी। इसके बाद उन्हें जेल के अंदर प्रवेश दिया गया।
वहीं जेल में बंद कैदी भी अपनी बहनों को देखकर काफी खुश हुए और उन्होंने यह वचन दिया कि वह जेल से छूटकर एक अच्छा इंसान बनने का प्रयास करेंगे और दोबारा कोई ऐसा काम नहीं करेंगे कि उन्हें इस प्रकार से जेल में आना पड़े और उनकी बहनों को तिलक लगाने के लिए जेल पहुंचना पड़े।
