नियम पालन करने वालों का पुष्पगुच्छ से सम्मान, बिना हेलमेट चालकों को समझाइश देकर बांटे गए हेलमेट

दमोह। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने व आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दमोह पुलिस द्वारा विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज स्टेट बैंक चौराहा, किल्लाई नाका पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भापुसे) के नेतृत्व में एक विशेष हेलमेट वितरण व सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस अवसर पर एएसपी सुजीत सिंह भदोरिया, सीएसपी एचआर पांडे, टीआई कोतवाली मनीष कुमार, यातायात दलबीर सिंह मार्को, निरिक्षक आकांक्षा जोशी सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

नियमों का पालन करने वालों का सम्मान, बिना हेलमेट वाहन चालकों को समझाइश

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री कलादगि व पुलिस बल द्वारा दोपहिया वाहन चालकों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान यातायात नियमों का पालन करते हुए हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे जागरूक नागरिकों को रोककर पुष्पगुच्छ (फूल) भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिल सके।

वहीं, बिना हेलमेट पाए गए वाहन चालकों को रोककर चालानी कार्रवाई की जाकर संवेदनशीलता के साथ समझाइश दी गई। इसके बाद बिना हेलमेट वाहन चालकों पर चालानी कार्यवाही की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं चालकों को जीवन सुरक्षा का महत्व समझाया और उन्हें सुरक्षित यात्रा का संकल्प दिलाते हुए निःशुल्क हेलमेट प्रदान किए।

10 वर्ष पूर्व दुर्घटना का शिकार हुए एक व्यक्ति बने प्रेरणा का केंद्र

अभियान के दौरान एक प्रेरक प्रसंग भी सामने आया। चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाते हुए पहुंचे। उन्होंने उपस्थित लोगों और पुलिस अधिकारियों के साथ अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि 10 वर्ष पूर्व वे एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गए थे, जिसके बाद से उन्होंने जीवन भर वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने का अटूट नियम बना लिया। उनकी इस सजगता की पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहना की गई। बुजुर्ग ने मौके पर मौजूद अन्य वाहन चालकों से भी अपील करते हुए कहा कि दुर्घटना कभी बताकर नहीं आती, इसलिए स्वयं की सुरक्षा और परिवार की खुशहाली के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें।

 

“सड़क सुरक्षा केवल पुलिस का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। हेलमेट चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का कवच है।

 

पुलिस अधीक्षक की आमजन से अपील

दमोह पुलिस जिले के समस्त नागरिकों से अपील करती है कि:

दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं भी मानक (ISI मार्क) हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाली सवारी को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें।

तेज गति व लापरवाही से वाहन न चलाएं तथा यातायात संकेतों का सदैव पालन करें।वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग बिल्कुल न करें।

Next Post

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को जेल से अस्पताल पहुंचे, आंखों का हुआ इलाज

Wed Nov 11 , 2026
इस्लामाबाद, 11 नवंबर (वार्ता) पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान को आंखों के इलाज के लिए अदियाला जेल से इस्लामाबाद स्थित पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार 10 और 11 नवंबर की रात रावलपिंडी की अदियाला […]

You May Like