
सीहोर/बुधनी. एक दिन पहले शनिवार की रात भैरूंदा के जेपी मार्केट की दुकानों में लगी विकराल आग की लपटें ठंडी भी नहीं हो सकी थीं कि बुधनी तहसील के ग्राम सेमलपानी में आग ने जमकर कहर बरपाया. अज्ञात कारणों से लगी आग के चलते नो घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए. इनमें रखा सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया. कुछ मवेशी भी आग की चपेट में आ गए। तहसीलदार के निर्देश पर पटवारी नुकसान का आंकलन कर रहे हैं.
बताया जाता है कि ग्राम सेमलपानी जदीद में रविवार की दोपहर बाद लोगों ने घरों से धुआं निकलते हुए देखा. ग्रामीण अपने स्तर से आग बुझाने को दौड़े, वहीं फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. सूचना के लगभग एक घंटे बाद रेहटी की फायर ब्रिगेड पहुंची व आसपास की ग्राम पंचायतों के टैंकर भी आग बुझाने के लिए बुला लिए गए, लेकिन तब तक गृहस्थी का सामान, कृषि उपकरण सहित एक बाइक भी जलकर राख हो गई. प्रशासन द्वारा हर संभव मदद की जा रही है, तो वहीं तहसीलदार द्वारा नुकसान का आंकलन लगाकर मुआवजा दिया जाएगा, आग कैसे लगी इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है. हालांकि आग से लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है. आगजनी मे लगभग नौ घर जल कर खाक हो गए, तो वही कुछ मवेशी भी जलने की जानकारी मिल रही है.
ग्राम सेमलपानी जदीद निवासी धरम सिंह पिता राधेलाल, रघुवीर पिता धरम सिंह, धनपाल पिता राधेलाल, भरत पिता राधेलाल, भगवती पिता राधेलाल, दुबे सिंह पिता राधेलाल, नबू सिंह पिता चेतराम, परमल पिता नबू सिंह, अनूप पिता बाबूलाल, रामेश्वर पिता शम्भू, जीवन पिता रामेश्वर, बलराम पिता शम्भू, नारायण पिता शम्भू, राजकुमार पिता बलराम के मकान व मवेशियों के बांधने के बाड़े जलकर राख हो गए, साथ ही कुछ मवेशी भी जले हैं.
सूचना पर रेहटी तहसीलदार हल्का पटवारी, आरआई मौके पर पहुंच कर नुकसान का आंकलन कर रहे हैं. फिलहाल तहसीलदार ने भोजन व कपड़े की व्यवस्था करा दी गई है. प्रशासन द्वारा हर संभव मदद की जा रही है. नुकसान का आंकलन लगाकर मुआवजा दिया जाएगा. पीडि़त किसानों के पास जमापूंजी के नाम पर केवल शरीर के कपड़े बचे हैं.
