भाई-बहन के अटूट प्रेम का पर्व मना भैया दूज  

सिंगरौली । भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक भैया दूज का पर्व आज बुधवार को जिलेभर में श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में त्योहार की रौनक देखने को मिली। बहनों ने परंपरागत तरीके से पूजा-अर्चना कर अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई खिलाकर उनकी सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति प्रेम, सम्मान और सुरक्षा का संकल्प दोहराया। शहर से लेकर गांवों तक भैया दूज की खुशियां देखने को मिलीं। कई बहनों ने अपने भाइयों को घर आमंत्रित कर विधि-विधान से पूजा की और उन्हें भोजन कराया। जिन बहनों के भाई दूसरे शहरों में रहते हैं, उन्होंने फोन और वीडियो कॉल के माध्यम से शुभकामनाएं देकर पर्व की खुशियां साझा कीं। ग्राम खटाई में भी यह त्योहार पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साह के साथ मनाया गया। यहां भाई-बहनों ने एक-दूसरे के प्रति अपने स्नेह और अपनत्व का इजहार किया। इधर धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भैया दूज का पर्व सूर्यदेव की संतान यमराज और उनकी बहन यमुना के पवित्र रिश्ते से जुड़ा हुआ है। पौराणिक कथा के अनुसार यमुना अपने भाई यमराज से बेहद स्नेह करती थीं और उन्हें बार-बार अपने घर आने का निमंत्रण देती थीं।

रिश्तों में मिठास और परिवार की एकता का संदेश

भैया दूज केवल धार्मिक परंपरा का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते में विश्वास, त्याग और समर्पण को मजबूत करने का अवसर भी है। यह पर्व संदेश देता है कि जीवन की व्यस्तता और दूरियों के बावजूद पारिवारिक रिश्तों की मिठास हमेशा बरकरार रहनी चाहिए। जिलेभर में मनाए गए इस पर्व ने एक बार फिर भाई-बहन के अटूट प्रेम और पारिवारिक एकता की खूबसूरत तस्वीर पेश की।

Next Post

गलत पार्किंग पर 24 वाहनों पर जुर्माना

Wed Nov 11 , 2026
सिंगरौली । शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाई है। आज बुधवार को कॉलेज तिराहे से टॉकीज तक, तुलसी मार्ग, सराफा तिराहा, बस स्टैंड और अंबेडकर चौराहा सहित बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे एवं सार्वजनिक […]

You May Like