सीबीआई अदालत ने अमरीक सिंह अपहरण मामले में पंजाब पुलिस के पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को ठहराया दोषी

नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने बुधवार को वर्ष 1992 के अमरीक सिंह अपहरण मामले में पंजाब पुलिस के तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह को दोषी ठहराया है। इस मामले में सजा 12 नवंबर को सुनाई जाएगी।

यह जानकारी सीबीआई की यहां जारी एक आधिकारिक बयान में दी गयी। इस मामले की सुनवाई पंजाब के मोहाली स्थित विशेष अदालत ने की। यह मामला 25 नवंबर 1992 को लुधियाना के होटल अमलताश से अमरीक सिंह के कथित अपहरण से जुड़ा हुआ है। इसे तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने अंजाम दिया गया था।

उच्चतम न्यायालय के 15 नवंबर 1995 को जारी आदेशों के बाद सीबीआई ने इस मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की और 23 फरवरी 2000 को नियमित मामला दर्ज किया था। विस्तृत जांच के बाद सीबीआई ने 27 नवंबर 2001 को तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह, डीएसपी परमिंदरजीत सिंह, एसएचओ सूबा सिंह, एसआई सुरिंदर सिंह और एएसआई जसवंत सिंह सहित पांच पुलिस अधिकारियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था, जिस पर 15 अप्रैल 2004 को आरोप तय किए गए थे।

अदालत ने सुनवाई पूरी होने के बाद पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को भारतीय दंड संहिता की धारा 365 (अपहरण) और 120-बी (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत दोषी करार दिया। वहीं, सह-आरोपी डीएसपी परमिंदरजीत सिंह को अदालत ने बरी कर दिया, जबकि तीन अन्य सह-आरोपियों एसएचओ सूबा सिंह, एसआई सुरिंदर सिंह और एएसआई जसवंत सिंह का निधन हो जाने के कारण उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही समाप्त कर दी गई थी।

.....

Next Post

सरकार ने स्टैंड-अप इंडिया योजना को 2031 तक जारी रखने को दी मंजूरी

Wed Nov 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) सरकार ने स्टैंड-अप इंडिया योजना को अगले 05 वर्षों के लिए बढ़ाकर 31 मार्च 2031 तक जारी रखने की मंजूरी दे दी है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्वनी वैष्णव ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने स्टैंड-अप […]

You May Like