इंदौर. द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली. दोनों वारदातों में अज्ञात बदमाश मकानों में घुसे और सामान समेटकर फरार हो गए. पुलिस ने दोनों मामलों में चोरी के प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है.पहली वारदात विदुर नगर की है. यहां रहने वाले धीरज कुमार वर्मा के मकान को बदमाशों ने निशाना बनाया.
5 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे से 2:30 बजे के बीच बदमाश मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-चांदी के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए. इसी तरह दूसरी वारदात आकाश नगर स्थित रजत पैलेस की है. यहां रहने वाले अंकेश बारे के मकान का ताला तोड़कर बदमाश अंदर घुसे. 9 नवंबर को शाम 5 बजे से रात 8:30 बजे के बीच हुई इस वारदात में बदमाश सोने चांदी के जेवर और नकदी चुराकर ले गए. दोनों मामलों में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.
