
छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांवरी बस स्टैंड के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार आयशर वाहन ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार 10 लोग घायल हो गए। घायलों में बच्चे और किशोर भी शामिल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार ऑटो क्रमांक MP 28 ZL 6051 सवारियों को लेकर जा रहा था। इसी दौरान सांवरी बस स्टैंड के पास तेज रफ्तार आयशर वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही सांवरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई नितेश ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।
इस दौरान आरक्षक विजय सनोडिया ने स्थानीय लोगों की मदद से ऑटो में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद एक-एक कर सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल छिंदवाड़ा पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।
नाकाबंदी कर पकड़ा आयशर चालक
हादसे के बाद आयशर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही सांवरी पुलिस ने आसपास के थानों को अलर्ट किया। इसके बाद लावाघोघरी पुलिस ने घेराबंदी कर फरार वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये हुए घायल
हादसे में ऑटो चालक दिलीप मोसोम (26), सुरेश (15), काजल मोसोम (18), अमन हिरनवती (14), पायल भुर्रुंडा (16), शांति (14), रीमा, कीना, करिश्मा और मनीष घायल हुए हैं। इनमें अधिकांश घायल ग्राम चाका ढाना मोरडोंगरी और छाबड़ी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
