
छिंदवाड़ा। सड़क पर साइड देने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इस दौरान एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में पीड़ित पक्ष के युवकों को चोटें आई हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पक्ष के सौरभ अहिरवार, मेहुल, शोभित और अनिल कुमार शर्मा कार से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से मोनू यादववंशी, राजा यादववंशी, अनिल यादववंशी, आदर्श अग्रवाल, ऋषभ ठाकुर और अयान बाइक से आ रहे थे। रास्ते में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान साइड देने की बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। दोनों पक्ष एक-दूसरे को रास्ता देने के लिए तैयार नहीं थे, जिसके चलते विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपित पक्ष ने पीड़ित युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे युवकों को चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 3(5) तथा एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
