
रीवा, शहर के सिविल लाइन थाना अंतर्गत एजी कॉलेज के पीछे हरिजन बस्ती पडऱा में मामूली बात पर गाली-गलौज और मारपीट की वारदात सामने आई है. पारिवारिक रिश्तेदार के घर गए एक 25 वर्षीय युवक पर दो स्थानीय लोगों ने बिना किसी विवाद के हमला कर दिया. मारपीट में पीडि़त के सिर, कंधे, पीठ और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आई हैं. फिलहाल पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र निवासी प्रदुम शुक्ल 25 वर्ष अपने रिश्तेदार अभिमन्यु मिश्रा के साथ रीवा स्थित अपने भाई संदीप शुक्ल से मिलने पडरा एजी कॉलेज के पीछे गए थे. जब पीडि़त मकान के पास पहुंचा तो वहां ताला लटका मिला. घर बंद देखकर प्रदुम शुक्ल वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में पडरा निवासी पिंकी कोल और राजेंद्र कोल ने उन्हें रोक लिया. पीडि़त का आरोप है कि दोनों व्यक्तियों ने बिना किसी कारण के उनके साथ अभद्रता करते हुए गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया. जब पीडि़त ने गालियां देने का विरोध किया, तो आरोपियों ने अचानक लात-घूंसों से हमला कर दिया. मारपीट की इस घटना में पदुम शुक्ल के सिर, पीठ, कंधे और दाहिने हाथ में चोट आई है. घटना के तुरंत बाद पीडि़त ने अपने साथियों संदीप शुक्ल और अभिमन्यु मिश्रा को फोन पर इसकी सूचना दी और सिविल लाइंस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है.
