
जबलपुर। घमापुर थाना अंतर्गत कांचघर नई बस्ती में पुरानी रंजिश को लेकर हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया हैं। पकड़े गए कातिलों को पुलिस वारदात स्थल पर भी ले गई जहां उनका जुलूस निकाला गया। इसके बाद सभी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। टीआई प्रवीण कुमरे ने बताया कि कांचघर नई बस्ती रविदास मंदिर के पास कार्तिक उर्फ बाबू चौधरी और उसके दोस्त करन पासी पर चाकू से हमला कर आरोपियों ने हत्या कर दी थी। मामले में प्रिंस चौधरी, हिमांशु चौधरी, शशांक, कृष्णा चौधरी, आशु केवट, मयंक चौधरी और ऋतिक जुगेल को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि तीन फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
