भक्ति, विनम्रता, कृतज्ञता और प्रकृति के प्रति श्रद्धा जैसे शाश्वत मूल्यों का प्रतीक है गोवर्धन पूजा : विजेन्द्र

नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि गोवर्धन पूजा भक्ति, विनम्रता, कृतज्ञता और प्रकृति के प्रति श्रद्धा जैसे शाश्वत मूल्यों का प्रतीक है तथा यह पर्व हमें प्राकृतिक पर्यावरण के सम्मान और संरक्षण के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है।
श्री गुप्ता ने आज गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर दक्षिण दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित इस्कॉन मंदिर में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा , “गोवर्धन पूजा हमें प्राकृतिक पर्यावरण के सम्मान और संरक्षण के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। इसके साथ ही अपनी समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने की प्रेरणा भी देता है।” उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाएं आज भी समाज को धर्म, कर्तव्य, भक्ति और सामूहिक कल्याण के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आस्था, सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक निरंतरता को मजबूत करते हैं। ये पर्व लोगों को करुणा, सद्भाव और निःस्वार्थ सेवा जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा देते हैं। श्री गुप्ता ने मंदिर के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए आध्यात्मिक परंपराओं के संरक्षण तथा भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं और दर्शन के प्रचार-प्रसार के लिए इस्कॉन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि गोवर्धन पूजा का यह पर्व दिल्ली के प्रत्येक परिवार के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आयेगा।

.....

Next Post

बंगलादेश में 20 घंटे के दौरान हिंसा की कई घटनाएं, बम धमाके, आगजनी से दहशत

Tue Nov 10 , 2026
ढाका, 10 नवंबर (वार्ता) बंगलादेश के खुलना में पिछले 20 घंटों के दौरान हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं। इनमें कच्चे बम फेंकने, बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के कार्यालय और ट्रेन के डिब्बे में आग लगाने की घटनाएं शामिल हैं। खुलना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर खड़ी […]

You May Like