रंग बिरंगी झालर व दीपों की रोशनी से जगमग हुए घर व आंगन

सतना:प्रकाश पर्व दीपावली पर रविवार को शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में अभूतपूर्व उत्साह, उमंग और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। सूर्यास्त होते ही पूरा जिला मिट्टी के पारंपरिक दीयों, मोमबत्तियों और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक रंग-बिरंगी झालरों की रोशनी से सराबोर हो उठा। घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, मंदिरों और शैक्षणिक संस्थानों में विघ्नहर्ता भगवान गणेश और धन की देवी मां लक्ष्मी का विधि-विधान से पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा-भक्ति के साथ नमन कर क्षेत्र में सुख, समृद्धि, शांति और दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की।

दीपावली के इस महापर्व को लेकर लोगों में पखवाड़े भर से तैयारियां चल रही थीं, लेकिन रविवार को शाम ढलने तक बाजारों में खरीदारों का तांता लगा रहा। शहर के प्रमुख बाजारों से लेकर ग्रामीण हाट-बाजारों तक दीया, मिठाई, फूल-माला, कपड़ा, बर्तन, श्रृंगार सामग्री के साथ-साथ पारंपरिक पूजन सामग्री जैसे चूरा, गट्टा, लइया और विभिन्न प्रकार के आकर्षक सजावटी सामानों की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। स्थानीय व्यापारियों ने अपनी दुकानों, गल्लों और व्यावसायिक उपकरणों की विशेष पूजा-अर्चना कर पूरे वर्ष व्यापार में बरकत और सफलता की कामना की। वहीं, अन्नदाता किसानों ने भी अपने खलिहानों और कृषि उपकरणों की पूजा कर आने वाले समय में बेहतर फसल और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।

रंगोली और व्यंजनों से सजा घर-आंगन

दीपावली के इस पावन अवसर पर घरों की महिलाओं और बच्चों ने विशेष तैयारियां की थीं। सुबह से ही घरों की साफ-सफाई के बाद मुख्य द्वारों पर आकर्षक और मनमोहक रंगोलियां सजाई गईं। तरह-तरह के रंगों और फूलों से बनी ये रंगोलियां घर आने वाले हर अतिथि का मन मोह रही थीं। पर्व के अवसर पर घरों में परिवार के सभी सदस्य एकत्र हुए, जिससे पारंपरिक और लजीज व्यंजनों की खुशबू से घर का माहौल और भी आत्मीय हो उठा।

मंदिरों में गूंजे भजन-कीर्तन, देर रात तक चली आतिशबाजी

घरों में पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं ने जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों के प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर दीप प्रज्वलित किए और दर्शन लाभ लिए। मंदिरों में गूंजते भजन-कीर्तनों और मंत्रोच्चार से संपूर्ण वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। दूसरी ओर, शाम ढलते ही बच्चों और युवाओं में आतिशबाजी को लेकर खासा उत्साह देखा गया। फुलझड़ियां, अनार, चरखी, रंग-बिरंगे स्काई शॉट और रस्सी बम जैसी आतिशबाजियों की गूंज से पूरा जिला गूंज उठा। रोशनी से जगमगाता आसमान और पटाखों की थाप ने दीपावली की रात को और भी अधिक यादगार बना दिया।

Next Post

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का राहुल गांधी पर तीखा हमला, चीन यात्रा और नक्सलवाद के मुद्दे पर पूछे दो बड़े सवाल

Tue Nov 10 , 2026
नई दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए चीन के साथ कांग्रेस के संबंधों को लेकर दो गंभीर सवाल दागे हैं। दुबे ने सोशल मीडिया के जरिए राहुल गांधी से पूछा […]

You May Like