भारत भवन में पपेट कला से जीवंत हुई महाभारत की कथा

भोपाल: शांतनु और उनके पुत्र देवव्रत से कथा की शुरुआत भारत भवन के बहिरंग मंच पर जब हुई। तो पर्दे के पीछे तीन प्रकाश केंद्रों में पपेट कला के जरिए महाभारत की कहानी जीवंत हो उठी। स्वारूपा अनुराग के निर्देशन में नई दिल्ली की कथकला संस्था ने गुरुवार शाम आधुनिक पपेट कला, संगीत और कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति से महाभारत के प्रसंगों को नए अंदाज में सामने रखा। कथा में पांडवों के जन्म, कुंती को दुर्वासा ऋषि से मिले वरदान, गांधारी और धृतराष्ट्र के विवाह सहित कई प्रसंगों को रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। कहानी को तत्कालीन शासन व्यवस्था और वर्तमान राजनीति से जोड़ते हुए हास्य और गंभीरता के संतुलन के साथ मंचित किया गया, जिससे दर्शकों को कथा समझने में सहजता मिली।
पपेट मंचन में द्रौपदी चीरहरण की प्रस्तुति
पांडव और कौरवों के बीच संघर्ष, दुर्योधन द्वारा द्रौपदी के अपमान का बदला लेने की प्रतिज्ञा और युद्ध की पृष्ठभूमि को प्रभावशाली दृश्य संयोजन के साथ दिखाया गया। मंच पर द्रौपदी चीरहरण और दुशासन द्वारा किए गए कृत्य का पपेट कला के माध्यम से चित्रण दर्शकों के लिए नया और चौंकाने वाला अनुभव रहा। बिना संवाद और केवल पार्श्व ध्वनियों पर आधारित यह दृश्य दर्शकों को भावनात्मक रूप से झकझोर गया। इसके बाद कौरव और पांडवों के युद्ध, भीष्म पितामह की मृत्यु और अर्जुन द्वारा शिखंडी को ढाल बनाकर युद्ध करने जैसे प्रसंगों को स्क्रीन और पपेट कला के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। तीन कलाकारों द्वारा संचालित शिखंडी पपेट का दृश्य विशेष रूप से सराहा गया, जिसमें पपेट की गतियों और कलाकारों के तालमेल की बारीकियां दर्शकों के सामने आईं।
प्रस्तुति ने न केवल महाभारत के प्रमुख प्रसंगों से दर्शकों को परिचित कराया, बल्कि आधुनिक पपेट कला की तकनीक और कलाकारों की मेहनत को भी प्रभावी ढंग से उजागर किया। महाभारत समागम की यह प्रस्तुति दर्शकों के लिए यादगार अनुभव रही।

Next Post

बसंत पंचमी पर भोपाल में श्रद्धा का रंग, सोमवारा चौक पर महिलाओं ने की मां सरस्वती की पूजा

Fri Jan 23 , 2026
भोपाल: राजधानी में आज बसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर स्कूलों, मंदिरों और घरों में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई। ज्ञान और विद्या की देवी की आराधना के लिए सुबह से ही धार्मिक गतिविधियां शुरू हो गईं। इसी क्रम […]

You May Like