आधुनिक बिहार के निर्माण में डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा का योगदान अविस्मरणीय : सम्राट चौधरी

पटना, 10 नवंबर (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आधुनिक बिहार के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रख्यात शिक्षाविद्, विधिवेत्ता और राष्ट्रनिर्माता डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

श्री चौधरी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में डॉ. सिन्हा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने आधुनिक बिहार के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और संविधान सभा के प्रथम (अंतरिम) अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। उनका जीवन, विचार और राष्ट्र के प्रति योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश के माध्यम से डॉ. सच्चिदानंद सिन्हा के बहुआयामी व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास और देश की संवैधानिक यात्रा में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

गौरतलब है कि डॉ. सिन्हा का जन्म 10 नवंबर 1871 को बिहार के तत्कालीन शाहाबाद जिले (वर्तमान बक्सर) के मुरार गांव में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा आरा में प्राप्त करने के बाद उन्होंने पटना कॉलेज में अध्ययन किया और उच्च शिक्षा तथा कानून की पढ़ाई के लिए इंग्लैंड गये। स्वदेश लौटने के बाद उन्होंने वकालत के साथ सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाई। बिहार को बंगाल से अलग कर स्वतंत्र प्रांत बनाने के आंदोलन के प्रमुख सूत्रधारों में उनकी गिनती होती है। वह बिहार-उड़ीसा विधान परिषद के अध्यक्ष, केंद्रीय विधान परिषद के उपाध्यक्ष तथा प्रांतीय सरकार में वित्त सदस्य रहे।

पत्रकारिता के क्षेत्र में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने ‘हिन्दुस्तान रिव्यू’ का संपादन किया और 1918 में अंग्रेजी दैनिक ‘द सर्चलाइट’ की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। वह 1936 से 1944 तक पटना विश्वविद्यालय के कुलपति भी रहे। संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई थी, जिसमें वरिष्ठतम सदस्य होने के कारण उन्हें सभा का प्रथम अस्थायी अध्यक्ष चुना गया। बाद में डॉ. राजेंद्र प्रसाद संविधान सभा के स्थायी अध्यक्ष निर्वाचित हुए। डॉ. सिन्हा का निधन 6 मार्च 1950 को हुआ। आधुनिक बिहार के निर्माण और देश की संवैधानिक यात्रा में उनके योगदान के कारण उन्हें बिहार के प्रमुख राष्ट्रनिर्माताओं में सम्मानपूर्वक याद किया जाता है।

Next Post

गौमाता हमारी संस्कृति की आत्मा हैं और प्राकृतिक खेती का मूल आधार भी: डॉ. राजेश

Tue Nov 10 , 2026
सीधी : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार जिले की समस्त गौशालाओं में गोवर्धन पूजा का आयोजन धार्मिक श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इसी क्रम में जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम पंचायत खजुरिहा के समदा गौशाला परिसर एवं गौ अभ्यारण्य में गोवर्धन पूजा, अन्नकूट एवं गौवंश पूजन कार्यक्रम […]

You May Like