सीधी : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार जिले की समस्त गौशालाओं में गोवर्धन पूजा का आयोजन धार्मिक श्रद्धा एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इसी क्रम में जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम पंचायत खजुरिहा के समदा गौशाला परिसर एवं गौ अभ्यारण्य में गोवर्धन पूजा, अन्नकूट एवं गौवंश पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए तथा धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना गया। सांसद एवं विधायक ने गोवर्धन महाराज तथा गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रभु श्रीकृष्ण से प्रार्थना की।
मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति, पशुधन और भूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। गौमाता हमारी संस्कृति की आत्मा हैं और प्राकृतिक खेती का मूल आधार भी हैं। गौमूत्र, गोबर एवं जैविक अपशिष्ट से तैयार जैविक खाद और जीवामृत भूमि की उर्वरता बढ़ाने के साथ फसलों को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसानों को पुनः प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए आगे आना चाहिए, जिससे धरती की उर्वरा शक्ति बनी रहे और अन्नदाता आत्मनिर्भर बनें। सांसद ने जिले में संचालित सभी गौशालाओं में बिजली, पानी, बाउंड्रीवॉल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा कराने तथा उन्हें आदर्श एवं आत्मनिर्भर गौशाला के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने समदा फार्म को गौशाला एवं कृषि के क्षेत्र में जिले के लिए उदाहरण मॉडल बनाने की बात कही।
इस अवसर पर कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समदा फार्म की स्थापना की गई है। यहां दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ उसकी मार्केटिंग की व्यवस्था विकसित करना भी महत्वपूर्ण है। पशुपालन खेती के लिए भी अत्यंत उपयोगी है। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि रोहणीरमण मिश्रा, संजय सिंह मझिगवां, वरुण पाण्डेय, उपयंत्री इंद्रलाल सिंह, राघवेंद्र द्विवेदी, जेई राजेन्द्र सिंह राजपूत सहित अधिकारी एवं अन्य शामिल रहे।
यह पर्व पर्यावरण संरक्षण और अपनी जिम्मेदारी का कराता है स्मरणः टेकाम
कार्यक्रम में विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि यह पर्व हमें गायों, खेतों और पर्यावरण के संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का स्मरण कराता है। उन्होंने गौशालाओं को दूध उत्पादन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने, दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिताओं में सहभागिता बढ़ाने तथा वर्मी कम्पोस्ट खाद तैयार कर उसके विक्रय के लिए बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
पांच स्वसहायता समूहों को ऋण स्वीकृत
स्वसहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से 5 समूहों को 4-4 लाख रुपये केमान से कुल 20 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया। इनमें बजरंग दल स्वसहायता समूह नदहा, रामबाई अंबेडकर स्वसहायता समूह मझिगवां, श्यामवती स्वसहायता समूह खजुरिहा, पूजा स्वसहायता समूह झपरी एवं लक्ष्मी स्वसहायता समूह मझिगवां शामिल हैं।
