
सिंगरौली। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत बरहपान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से गौ माता का पूजन-अर्चन कर गुड़ खिलाया तथा गौसेवा और पशुपालन से जुड़े ग्वालवालों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में गौसेवा समिति ऊर्ती के अध्यक्ष अशोक जायसवाल, बरहपान पंचायत के सरपंच चित्रकूट बैस, ऊर्ती पंचायत की सरपंच कृष्णावती जायसवाल, जनपद सदस्य रामशयन बैस सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह और धार्मिक उल्लास देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक रामनिवास शाह ने भारतीय संस्कृति में गौ माता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति, गौवंश और पशुधन के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देने वाला पर्व है। हमारी संस्कृति जीवमात्र के प्रति करुणा, सेवा और सम्मान की भावना सिखाती है। उन्होंने गौसेवा से जुड़े लोगों के योगदान की सराहना करते हुए इस परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने सुख,समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
