
खंडवा। संस्कृति विभाग ने वर्ष-2024 एवं 2025 के अपने 8 राष्ट्रीय सम्मानों की घोषणा कर दी है।
संचालक, संस्कृति एन.पी. नामदेव ने बताया कि राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान, राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान, राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान, राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान, राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान, राष्ट्रीय फादर कामिल बुल्के सम्मान, राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान एवं राष्ट्रीय हिंदी सेवा सम्मान की घोषणा की गई है।
13 अक्टूबर को खंडवा में आयोजन
राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान 28 सितंबर, 2025 को इंदौर में, राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान 13 अक्टूबर, 2025 को खंडवा में, राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान 2 अक्टूबर, 2025 को भोपाल में एवं राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान, राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान, राष्ट्रीय फादर कामिल बुल्के सम्मान, राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान एवं राष्ट्रीय हिंदी सेवा सम्मान हिंदी दिवस के अवसर पर 14 सितंबर, 2025 को भोपाल में आयोजित समारोह में प्रदान किये जाएंगे। राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान में सम्मान स्वरूप 20 लाख एवं अन्य सम्मानों में 5 लाख की राशि प्रदाय की जाएगी।
नामी हस्तियां हो चुकीं सम्मानित
नामदेव ने बताया कि वर्ष-2024 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान गीत लेखन के लिए प्रसून जोशी, दिल्ली एवं वर्ष-2025 का सम्मान निर्देशन के लिए संजय लीला भंसाली, मुम्बई को प्रदान किया जाएगा। इसी तरह वर्ष-2024 का राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान संगीत निर्देशन के लिए शंकर-एहसान-लॉय, मुंबई को एवं वर्ष-2025 का पार्श्व गायन के लिए सोनू निगम, मुम्बई को प्रदान किया जाएगा। वर्ष-2024 का राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान आनंदधाम, भोपाल एवं वर्ष-2025 का सम्मान पुनरुत्थान समरसता गुरुकुलम, पुणे को प्रदान किया जाएगा।
