
सिंगरौली । जिलेभर में दीपों का त्योहार दीपावली हर्षोल्लास और उत्साहपूर्वक मनाया गया। बैढ़न, चितरंगी, देवसर, बरगवां, मोरवा, नवानगर और निगाही सहित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दीपोत्सव की रौनक छाई रही।
सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल रही, वहीं शाम होते ही घरों, दुकानों और सरकारी कार्यालयों में आकर्षक विद्युत सजावट की गई। रोशनी से जगमगाते प्रतिष्ठान और भवन त्योहार की खूबसूरती बढ़ाते रहे। दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों में भगवान गणेश, मां लक्ष्मी और धन कुबेर की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं बच्चों, युवक-युवतियों में दीपावली को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। लोग ग्रीन पटाखे फोड़कर आतिशबाजी के साथ दीपावली की खुशियां मनाएं। आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा रहा है। घरों में रंगोली सजाई गई और दीप प्रज्ज्वलित किए गए। एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर शुभकामनाएं देने का सिलसिला जारी है। पूरे जिले में रोशनी, उल्लास और उमंग का माहौल बना हुआ है।
घरों में सजी रंगोलियां
दीपावली पर्व को लेकर युवती व महिलाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। सुबह होते ही घरों के बाहर अलग-अलग डिजाइनो में रंगोलिया बनाकर खूब वाहवाही ले रही थी। कई जगह आकर्षक रूप से रंगोलियां सजाई गई थी।
