
छिंदवाड़ा। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा की जा रही रात्रि गश्त के दौरान चौकी उमरानाला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने बैल बाजार स्थित पटाखा दुकान के पीछे चल रहे जुआ फड़ पर दबिश देकर तीन आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा एसडीओपी सुनील बरकड़े एवं मोहखेड़ थाना प्रभारी सुनील उईके के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश साहू अपनी टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान ग्राम उमरानाला के बैल बाजार स्थित पटाखा दुकान के पीछे जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल दबिश दी। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी फरार होने में सफल रहा। कार्रवाई के दौरान जुआ फड़ एवं आरोपियों के कब्जे से कुल 1170 रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजेश साहू, सहायक उप निरीक्षक संतोष बघेल एवं प्रधान आरक्षक श्याम ठाकरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
