
छिंदवाड़ा। दीपावली के त्योहार पर जहां पूरा जिला खुशियां मनाने की तैयारी में जुटा था, वहीं सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक हादसा दीपावली के दिन बाजार से खरीदी कर घर लौट रहे युवक के साथ हुआ, जबकि दूसरे दिन मजदूरी करने छिंदवाड़ा आ रहे तीन लोगों की जान चली गई। वहीं, शिवपुरी थाना क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत ००००
बटका थाना क्षेत्र के खेड़ा गांव निवासी रामेश्वर पिता श्रीराम बरकड़े 20 वर्ष दीपावली की खरीदी करने मटका आया था। बाजार से सामान लेकर वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायल युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
छोटा हाथी की टक्कर से तीन की मौत ०००००
परासिया थाना क्षेत्र के तुलसी गांव निवासी यशोदा पति कैलाश टेकाम 30 वर्ष , अंकित पिता भारत इवनाती 18 वर्ष और देवांश पिता कैलाश टेकाम 69 वर्ष बाइक से मजदूरी करने छिंदवाड़ा आ रहे थे। इसी दौरान टोल नाके के समीप सामने से आ रहे छोटा हाथी वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवारों में मातम छा गया।
कार की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल ०००००
शिवपुरी थाना क्षेत्र के जितेंद्र पिता जुगनू वर्मा 32 वर्ष , नरेंद्र वर्मा और गोपाल वर्मा बाइक से छिंदवाड़ा से अपने घर लौट रहे थे। शिवपुरी के पहले तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गोपाल की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
