मुंबई, 09 नवंबर (वार्ता) विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) के भारतीय पूंजी बाजार में लगातार लिवाल रहने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में नरमी से सोमवार को रुपया 22 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 93.77 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर रुपया 42 पैसे की बढ़त में 93.99 रुपये प्रति डॉलर पर रहा था।
रुपये सुबह 14 पैसे की तेजी के साथ 93.85 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। बीच कारोबार में यह ऊपर 93.69 रुपये और नीचे 94.11 रुपये प्रति डॉलर तक गया। अंत में 93.77 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में आज नरमी देखी गई। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा तीन फीसदी से अधिक टूटकर 95 डॉलर प्रति बैरल के करीब रह गया। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक 0.4 प्रतिशत नीचे है।
घरेलू स्तर पर एफपीआई ने आज पूंजी बाजार में 184.1 करोड़ डॉलर का शुद्ध निवेश किया। अक्टूबर में अबतक वे शुद्ध रूप से लिवाल बने हुए हैं। इससे रुपये को समर्थन मिल रहा है। इन सभी कारकों के मिश्रित प्रभाव से रुपये में आज तेजी रही है।
