तिरुवनंतपुरम, 09 नवंबर (वार्ता) केरल में पुलिस ने 13 अक्टूबर से सात नवंबर तक पूरे राज्य में चलाए गए 25 दिनों के विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने (ड्रंक ड्राइविंग) के 23,040 मामले दर्ज किए हैं।
यह विशेष अभियान शराब के नशे में गाड़ी चलाने वालों की पहचान करने और शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए शुरू किया गया था। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) पी. विजयन के निर्देशों के तहत यह अभियान 13 अक्टूबर की सुबह सात बजे से सात नवंबर की सुबह सात बजे तक चलाया गया। इसे क्षेत्रीय महानिरीक्षक, रेंज महानिरीक्षक और जिला पुलिस प्रमुखों की देखरेख में अंजाम दिया गया।
एर्नाकुलम ग्रामीण (रूरल) में सबसे अधिक 2,762 मामले दर्ज किए गए, इसके बाद कोट्टायम में 2,022 और तिरुवनंतपुरम ग्रामीण में 1,661 मामले सामने आए। कासरगोड जिले में सबसे कम, 304 मामले दर्ज किए गए।
एडीजीपी पी. विजयन ने कहा कि शराब के नशे में गाड़ी चलाना सड़क दुर्घटनाओं और मौतों का एक प्रमुख कारण है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में भी वाहनों की जांच और प्रवर्तन गतिविधियां जारी रहेंगी।
इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नियमों के उल्लंघन के मामले ऐसे समय में सामने आए हैं, जब केरल में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। शराब और नशीले पदार्थों के सेवन के अलावा, तेज रफ्तार, संकरी सड़कें और यातायात नियमों का उल्लंघन करके लापरवाही से गाड़ी चलाना भी दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या के लिए जिम्मेदार हैं।
ये आंकड़े सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के मामले में अधिकारियों के सामने मौजूद निरंतर चुनौती को दर्शाते हैं। दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान को कम करने के लिए लगातार पुलिसिंग, यातायात कानूनों का सख्ती से पालन और लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाना बहुत जरूरी है।
