ग्वालियर। श्री अचलेश्वर मंदिर परिसर में अतिक्रमण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। राष्ट्रीय सनातन सेना भारत ने दीपावली के पावन अवसर पर मंदिर परिसर के हर हिस्से में दीप प्रज्वलित कर रोशनी की, जो लंबे समय से अंधकार में था।
राष्ट्रीय सनातन सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि जब श्री अचलेश्वर मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने की बात आती है, तब गंगा-जमुनी तहजीब की दुहाई दी जाने लगती है। लेकिन मंदिर की गरिमा, धार्मिक आस्था और उसके अधिकारों का सम्मान भी उतना ही आवश्यक है। किसी भी धार्मिक स्थल की मर्यादा और पहचान के साथ समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
पदाधिकारी पंकज ठाकुर ने कहा कि जब पूरा देश दीपावली का पावन पर्व मना रहा था, तब मंदिर परिसर के इस हिस्से को अंधकार में देखना उचित नहीं लगा। इसी भावना के साथ सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर दीप प्रज्वलित किए और मंदिर परिसर के उस कोने को भी दीपों से रोशन किया।
सनातन सेना ने स्पष्ट किया कि श्री अचलेश्वर मंदिर परिसर की धार्मिक गरिमा एवं मूल पहचान की रक्षा करना संगठन का संकल्प है। परिसर में मौजूद कथित अवैध मजार एवं अतिक्रमण के विषय को लेकर प्रशासनिक और कानूनी स्तर पर शीघ्र ही ठोस पहल की जाएगी तथा नियमानुसार कार्रवाई की मांग निरंतर उठाई जाएगी।
