मवेशी व्यापारी की की हत्या, बौलिया घाट के जंगल में मिला शव

रीवा, अतरैला थाना अन्तर्गत मवेशी व्यापारी शुक्रवार की सुबह अपनी गाड़ी लेकर बकरी खरीदने निकला, लेकिन वापस घर नही लौटा. बौलिया घाट के जंगल में शव मिला. आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जाम लगा दिया. किसी तरह समझाइश के बाद मामला शांत हुआ.

60 वर्षीय लख्खू चिकवा शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे अपनी गाड़ी उठाकर बकरी खरीदने के लिए निकले. लेकिन लख्खू फिर वापस घर नहीं लौटे. रात के अंधेरे में ही ग्रामीणों ने अतरैला पुलिस को सूचना दी. टॉर्च की रोशनी में रातभर खोजबीन चली, लेकिन घने जंगलों और सन्नाटे के बीच लख्खू का कोई सुराग नहीं मिला. शनिवार की सुबह परिजन और ग्रामीण चांद-कुरौली रोड पर स्थित बौलिया घाट के जंगलों की तरफ बढ़े. तभी मुख्य सडक़ से कुछ दूरी पर कच्चे रास्ते में किसी की नज़र टूटी हुई झाडिय़ों पर पड़ी. ऐसा लग रहा था जैसे वहाँ कोई कशमकश हुई हो और जब लोग झाडिय़ों के अंदर घुसे, तो सबके होश उड़ गए. वहाँ लख्खू चिकवा की गाड़ी लावारिस हालत में खड़ी थी. गाड़ी मिलने के बाद 10-12 ग्रामीणों की एक टीम जंगल के अंदर और आगे बढ़ी तभी एक नाले के पास कुछ ऐसा दिखा जिसने उनके पैरों तले से ज़मीन खिसका दी. नाले के पास की मिट्टी ताजी थी, जैसे उसे हाल ही में खोदा और भरा गया हो. बिना वक्त गंवाए अतरैला थाना प्रभारी विजय सिंह परिहार और डभौरा एसडीओपी नारायण सिंह कुम्हरे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

जमीन में दफन था वृद्ध का शव

पुलिस की मौजूदगी में जब उस संदिग्ध और ताजी मिट्टी वाली जगह की खुदाई शुरू हुई तो ज़मीन के भीतर दफन थी एक लाश मिली. लाश किसी और की नहीं बल्कि लापता व्यापारी लख्खू चिकवा की थी. मौके पर तुरंत फोरेंसिक की टीम को बुलाया गया है, सबूत जुटाए जा रहे हैं. आखिर बुजुर्ग व्यापारी की हत्या इस तरह किसने की और शव को दफनाने के पीछे क्या कारण है. हत्या की वारदात को छिपाने के लिये जंगल में शव को दफनाया गया. फिलहाल पुलिस अंधी हत्या को लेकर जांच कर रही है, अलग-अलग टीम बनाई गई है. आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जाम लगा दिया. समझाइश के बाद मामला किसी तरह शांत हुआ.

Next Post

आदर्श कृषि उपज मंडी में सफाई व्यवस्था बदहाल, गंदगी और दुर्गंध से किसान परेशान

Sat Nov 7 , 2026
मंदसौर। एक ओर दीपावली के मद्देनजर शहर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मंदसौर की आदर्श कृषि उपज मंडी में सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। मंडी परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी और शौचालयों से उठती दुर्गंध स्वच्छता के दावों की हकीकत […]

You May Like