आदर्श कृषि उपज मंडी में सफाई व्यवस्था बदहाल, गंदगी और दुर्गंध से किसान परेशान

मंदसौर। एक ओर दीपावली के मद्देनजर शहर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मंदसौर की आदर्श कृषि उपज मंडी में सफाई व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। मंडी परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी और शौचालयों से उठती दुर्गंध स्वच्छता के दावों की हकीकत बयां कर रही है। त्योहार के ठीक पहले भी व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होना मंडी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

मंडी में प्रतिदिन 15 हजार से अधिक किसान अपनी उपज लेकर पहुंचते हैं। इसके बावजूद यहां किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। शौचालयों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। गंदगी और दुर्गंध के कारण किसानों, व्यापारियों तथा अन्य लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार मंडी समिति ने सफाई व्यवस्था का ठेका आउटसोर्स कंपनी को दे रखा है, लेकिन आरोप है कि ठेकेदार द्वारा नियमित सफाई नहीं करवाई जा रही है। दीपावली के एक दिन पहले तक भी मंडी परिसर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पाई। मंडी व्यापारी संघ के अध्यक्ष द्वारा भी इस समस्या से मंडी समिति प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन शिकायत के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

गौरतलब है कि मंदसौर कृषि उपज मंडी को आदर्श मंडी के रूप में पहचान मिली हुई है। ऐसे में यहां आने वाले हजारों किसानों के लिए स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय और नियमित सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना मंडी प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेकर सफाई व्यवस्था में कब सुधार करवाते हैं।

Next Post

पिपलियामंडी की मोबाइल दुकान और पिपलिया विशनिया के मकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान

Sat Nov 7 , 2026
पिपलियामंडी। पिपलियामंडी और समीपस्थ ग्राम पिपलिया विशनिया में दो अलग-अलग स्थानों पर आगजनी की घटनाओं ने दो परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। पिपलियामंडी में शनिवार सुबह जैन मंदिर गली स्थित मोबाइल दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग में दुकान में रखे महंगे मोबाइल, कैमरे, मोबाइल एसेसरीज, […]

You May Like