
सीधी । जिले के मड़वास थानांतर्गत हिनौता गांव में शनिवार रात करीब 9 बजे तेज रफ्तार मे अनियंत्रित बाइक के गड्ढे में जाने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल सीधी से संजय गांधी मेडिकल कालेज अस्पताल रीवा रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार सिंगरौली जिले के महुआगांव निवासी तीनों युवक धनतेरस पर सीधी की बजाज एजेंसी से नई पल्सर बाइक खरीदकर रात में गांव लौट रहे थे।
बाइक पर मनोज सिंह 20 वर्ष, कृष्ण देव सिंह 21वर्ष और बृज सिंह 21 वर्ष सवार थे। हिनौता के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी। मनोज सिंह और कृष्ण देव सिंह की मौके पर मौत हो गई। बृज सिंह के पैर में तीन जगह फ्रैक्चर होने की जानकारी है। हादसे के बाद वह अचेत था और बोल नहीं पा रहा था। उसे पहले मड़वास अस्पताल से जिला अस्पताल सीधी भेजा गया। वहां से हालत गंभीर होने पर रीवा रेफर किया गया। बताया गया है कि घायल युवक अचेत था और कुछ बोल नहीं पा रहा था।
इनका कहना है-
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल में पहुंची। तीनों युवकों को सड़क किनारे गड्ढे से बाहर निकाला गया। बाइक गड्ढे में फंसी थी। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे गए और घायल को इलाज के लिए रीवा रेफर किया गया।
भूपेश बैस , थाना प्रभारी मड़वास
