भोपाल से ग्वालियर के रूट पर नए ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बनाने का बनेगा प्लान

ग्वालियर: भोपाल से ग्वालियर समेत पांच प्रमुख रूट पर नए ग्रीनफील्ड कॉरिडोर बनाने का प्लान तैयार किया जा रहा है। इनकी कुल लंबाई 1,398 किलोमीटर प्रस्तावित है और निर्माण पर करीब 63 हजार 296 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की अनुमति मिल गई है। हालांकि अभी सड़कों का निर्माण शुरू करने की मंजूरी नहीं दी गई है। पहले यह देखा जाएगा कि प्रस्तावित कॉरिडोर बनाना कितना व्यावहारिक है। इसके बाद उपयुक्त पाए जाने वाली परियोजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट यानी डीपीआर तैयार होगी।
भोपाल से ग्वालियर के बीच 320 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बनाने की योजना है। सभी सड़कें चार लेन की होंगी। इन्हें इस तरह बनाया जाएगा कि वाहन तय स्थानों से ही प्रवेश कर सकें और बाहर निकल सकें।
कंसल्टेंट ने अलग-अलग रूट सुझाए हैं और सड़क विकास निगम इनमें से बेहतर रास्ते का चयन करेगा। भोपाल-ग्वालियर कॉरिडोर के लिए अभी कंसल्टेंट नियुक्त नहीं हुए हैं। इनकी नियुक्ति के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में सड़कों का अंतिम रूट और निर्माण शुरू होने का समय अभी तय नहीं हुआ है।
नई सड़कों की योजना के साथ प्रदेश में पहले से चल रहे निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। अधिकारियों से कहा कि निर्माणाधीन सड़कें जल्द पूरी की जाएंगी। गांवों और शहरों को बेहतर सड़कों से जोड़ने के लिए लोक निर्माण विभाग, नगरीय प्रशासन, ग्रामीण विकास, उद्योग विभाग और हाउसिंग बोर्ड को आपसी तालमेल से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क विकास निगम की प्रस्तावित राजमार्ग निधि को अब ‘विकसित मध्यप्रदेश संकल्प पथ’ नाम दिया जाएगा।

Next Post

ग्वालियर में धनतेरस पर तड़के तक 400 करोड़ से ज्यादा की खरीदारी

Sat Nov 7 , 2026
ग्वालियर। धनतेरस पर शुक्रवार सुबह से आज शनिवार तड़के तक खुले रहे बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। तड़के 2 बजे तक शहर में 400 करोड रुपए से ज्यादा का कारोबार हुआ इसमें सबसे बडा हिस्सा ऑटोमोबाइल सेक्टर का रहा जहां करीब 200 करोड रुपए के चार पहिया वाहन बिके। अकेले […]

You May Like