इंदौर: शादी से इनकार करने पर एक युवक द्वारा 38 वर्षीय महिला को लगातार फोन कर परेशान करने, गाली-गलौज और फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है. महिला की शिकायत पर लसूड़िया पुलिस ने हाटपिपलिया, बागली निवासी योगेश राजपूत के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
महिला ने पुलिस को बताया कि वह पति से तीन साल से अलग रह रही है.
इंस्टाग्राम के माध्यम से योगेश से दोस्ती हुई थी. योगेश ने शादी का प्रस्ताव दिया, लेकिन उसके नशे का आदी होने और व्यवहार ठीक नहीं होने की जानकारी मिलने पर उसने शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद आरोपी शादी के लिए दबाव बनाने लगा. लगातार फोन कर गाली-गलौज करने, बातचीत के लिए दबाव बनाने तथा बात नहीं करने पर फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है. थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.
