ग्वालियर। धनतेरस पर शुक्रवार सुबह से आज शनिवार तड़के तक खुले रहे बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। तड़के 2 बजे तक शहर में 400 करोड रुपए से ज्यादा का कारोबार हुआ इसमें सबसे बडा हिस्सा ऑटोमोबाइल सेक्टर का रहा जहां करीब 200 करोड रुपए के चार पहिया वाहन बिके। अकेले प्रेम मोटर्स में 88 कारों की बुकिंग हुई। दिन की सबसे महंगी कार टोयोटा फॉर्च्यूनर रही जो 42 लाख रुपए में बिकी। रात तक शोरूम में वाहनों की डिलीवरी जारी थी।
धनतेरस पर सराफा बाजार में भी खरीदारों की भीड उमडी सोना-चांदी खरीदने की परंपरा के चलते रात एक बजे तक यहां 70 करोड रुपए का कारोबार हो चुका था। कारोबारियों के अनुसार ग्राहकों का आना पूरी रात जारी रहा। बाजार रात भर गुलजार रहा। रियल एस्टेट सेक्टर में भी धनतेरस पर तेजी देखने को मिली। गुरूवार को 274 रजिस्ट्रियां हुई थी जबकि शुक्रवार रात तक ऑनलाइन अपडेट के अनुसार 300 से ज्यादा रजिस्ट्रियां हो चुकी थी।
वॉच टावर व ड्रोन से निगरानी
धनतेरस पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए लश्कर, मुरार और ग्वालियर उपनगरों में करीब 1200 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए। बाजारों में हर 200 मीटर पर 20 से 25 फीट ऊंचे वॉच टावर बना गए जहां से जवान भीड पर नजर रख रहे थे। ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई, मुख्य बाजारों और संकरी गलियों के मुहानों पर क्राइम ब्रांच के जवान सादे कपडों में तैनात रहे। सराफा कारोबारियों को दुकानों के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे दुरूस्त रखने के निर्देश दिए गए।
