ग्वालियर:अमावस्या के अंतिम प्रहर में भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण प्राप्त करने की स्मृति में जैन समाज इस वर्ष 9 नवंबर को दीपावली पर्व मनाएगा। जबकि सामान्य रूप से दीपावली 8 नवंबर को मनाई जाएगी। जैन समाज में दीपावली को भगवान महावीर के निर्वाण महोत्सव के रूप में मनाने की परंपरा है। इस अवसर पर ग्वालियर चंबल के जैन मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा। शाम को गौतम गणधर स्वामी को कैवल्य ज्ञान प्राप्त होने की खुशी में घरों और प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
इसका मुख्य आयोजन भगवान महावीर की समोशरण स्थली अतिशय क्षेत्र बरासों में होगा। यहां 9 नवंबर को सुबह 9 बजे भगवान महावीर को निर्वाण लाडू अर्पित किया जाएगा। इसके अलावा भिण्ड शहर के कीर्ति स्तंभ पर मुनि श्री विनय सागर के सानिध्य में सुबह 9 बजे निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा। वहीं ऋषभ सत्संग भवन, भिण्ड में माता विजिग्सा के सानिध्य में विशेष पूजा-अर्चना होगी।
जैन समाज में सुबह भगवान महावीर के निर्वाण कल्याणक की पूजा के बाद शाम को गौतम गणधर स्वामी को कैवल्य ज्ञान प्राप्त होने की स्मृति में दीप जलाने की परंपरा है। इसी के तहत श्रद्धालु अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में दीप प्रज्वलित कर पूजा करेंगे। इस तरह जैन समाज के लिए दीपावली भगवान महावीर के त्याग, तपस्या और मोक्ष कल्याणक की स्मृति से जुड़ा आध्यात्मिक पर्व है।
अमावस्या की उदया तिथि पर मनाएंगे पर्व
जैन परंपरा में दीपावली का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता के अनुसार भगवान महावीर स्वामी ने कार्तिक कृष्ण अमावस्या के अंतिम प्रहर यानी ब्रह्म मुहूर्त में निर्वाण (मोक्ष) प्राप्त किया था। इसी स्मृति में जैन समाज दीपावली को निर्वाण महोत्सव के रूप में मनाता है। इस वर्ष तिथि की गणना के अनुसार 8 नवंबर को सूर्योदय के समय चतुर्दशी रहेगी, जबकि 9 नवंबर को अमावस्या तिथि का सूर्योदय और ब्रह्म मुहूर्त प्राप्त हो रहा है। इसी कारण जैन समाज ने 9 नवंबर को निर्वाण दिवस मनाने का निर्णय लिया है। सुबह भगवान महावीर की पूजा और निर्वाण लाडू अर्पित करने के बाद शाम को दीपावली मनाई जाएगी।
