
सीधी । धनतेरस पर आज बाजार क्षेत्र में उमड़ी भारी भीड़ के चलते शहर की यातायात व्यवस्था संभालने मैदान में कोतवाली टीआई स्वयं उतरे। पूजा पार्क के सामने से लालता चौक तक कई जगह बैरीकेटिंग की गई। शहर के चौराहों में जगह-जगह ट्रैफिक एवं कोतवाली पुलिस लगी रही।
धनतेरस पर आज सुबह से ही बाजार में खरीदी करने वालों का रेला उमड़ पड़ा। भारी भीड़ के चलते बाजार क्षेत्र पूरी तरह से जाम होने की स्थिति में पहुंचने का अंदेशा निर्मित हो गया। ऐसे में कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी को स्वयं पुलिस बल के साथ यातायात व्यवस्थाओं को बनाने के लिये उतरना पड़ा। पूजा पार्क के सामने से लालता चौक तक कई जगह 3 एवं 4 पहिया समेत अन्य भारी वाहनों का आवागमन बंद किया गया। शहर के चौराहों में जगह-जगह ट्रैफिक एवं कोतवाली पुलिस को तैनात कर दो पहिया वाहनों को छोडक़र अन्य वाहनों के प्रवेश पर कड़ाई से रोक लगाने पड़ी। पुलिस की तत्परता का असर कुछ समय के अंदर ही नजर आया और बाजार क्षेत्र की सडक़ों में आवागमन सुचारू हो गया। बाजार क्षेत्र की सडक़ों में 3 एवं 4 पहिया वाहनों की धमाचौकड़ी के रूकने से लोग सुविधानुसार संबंधित दुकानों में पहुंचकर खरीददारी किये।
दरअसल दीपावली तक बाजार क्षेत्र में खरीददारी के लिये लोगों की काफी भीड़ रहेगी। बाजार क्षेत्र में कोतवाली थाना पुलिस की ओर से इसी तरह की व्यवस्थाएं दीपावली तक सख्ती के साथ बनाने की आवश्यकता है। त्यौहार के अवसर पर सीधी शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थानीय लोगों के अलावा समीपी सैकड़ों गांवों के लोग भी खरीददारी करने के लिये पहुंचते हैं। ऐसे में बड़े त्यौहार के अवसर पर सीधी शहर की सभी सडक़ें पूरी तरह से वाहनों की आवाजाही से जाम हो जाती हैं। पुलिस द्वारा आज ठेला व्यवसाइयो को धमाचौकड़ी को भी काफी सख्ती के साथ नियंत्रित किया गया था।
००
बाजार में आटो रिक्शा की हुई नो एंट्री
धनतेरस के अवसर पर बाजार क्षेत्र में खरीदी करने के लिये लोगों के उमड़े हुजूम के बीच कोतवाली पुलिस द्वारा बाजार क्षेत्र में आटो रिक्शा की आवाजाही को पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। ऐसे में बाजार क्षेत्र के अंदर आटो रिक्शा की नो एट्री रहने से सडक़ पर लगने वाले भारी जाम की समस्या पूरी तरह से दूर रही। साथ ही चार पहिया वाहनों की आवाजाही भी बाजार क्षेत्र में प्रतिबंधित करने से यातायात व्यवस्थित रहा।
००००००००००००
