रायपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर लोकतंत्र तथा संवैधानिक संस्थाओं को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और इसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के सुभाष स्टेडियम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा एवं रैली को संबोधित कर रहे थे। भाजपा के अनुसार, कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों सहित 10 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने की महत्वाकांक्षा में विपक्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करते-करते देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को लोकतंत्र की जननी माना जाता है और यहां की लोकतांत्रिक परंपराओं की विश्वभर में सराहना होती है।
श्री साय ने कहा कि चुनावी पराजय के बाद कांग्रेस इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाती है, जबकि चुनाव जीतने पर उन्हीं संस्थाओं की कार्यप्रणाली को स्वीकार कर लेती है। उन्होंने इसे कांग्रेस का दोहरा राजनीतिक रवैया करार दिया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास पर भी सवाल उठाए। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री के चयन का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व ने सरदार वल्लभभाई पटेल के पक्ष में समर्थन होने के बावजूद जवाहरलाल नेहरू को प्रधानमंत्री बनाया था। उन्होंने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर जनता को जागरूक करने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदयात्राएं आयोजित कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कांग्रेस पर जनसमर्थन खोने के बाद संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। देव ने कहा कि देश की जनता लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए सजग है और किसी भी प्रकार की अराजकता को स्वीकार नहीं करेगी।
रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि कुछ तत्व देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक संस्थाएं मजबूत हैं और देश की जनता अराजकता फैलाने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने देगी। अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनता के विश्वास और समर्थन का भी उल्लेख किया।
भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर और रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, विधायक राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू, रायपुर महापौर मीनल चौबे, रायपुर शहर जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा और रायपुर ग्रामीण जिला प्रभारी सुरेंद्र पाटनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
