मिजोरम: राजभवन के पास ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ सब-इस्पेक्टर ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

ऐजल, (वार्ता) मिजोरम की राजधानी ऐजल में राजभवन के प्रवेश द्वार पर ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक सब-इस्पेक्टर ने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल (एके-47) से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह घटना आज सुबह करीब साढ़े दस बजे राजभवन के उत्तर द्वार (गेट नंबर 2) पर हुई। मृतक की पहचान 31 वर्षीय सुधीर स्वामी के रूप में हुई है। वह सीआरपीएफ में सब-इस्पेक्टर (सामान्य ड्यूटी) के पद पर तैनात थे और मूल रूप से राजस्थान के जयपुर जिले के हरसोली के रहने वाले थे।

पुलिस ने बताया कि गोली उनके मुंह से प्रवेश करते हुए सिर के पिछले हिस्से से बाहर निकल गई। चश्मदीदों के मुताबिक, गेट के पास से गोली चलने की एक तेज आवाज सुनाई दी थी। हालांकि शुरुआती संकेतों से यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन इस कदम के पीछे की असल वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस के अनुसार, शव मिलने के समय एके-47 राइफल की मैगजीन में 30 कारतूस मौजूद थे। मौके से एक खाली कारतूस बरामद किया गया है, जबकि फोरेंसिक जांच के लिए एक कारतूस भी निकाला गया है। आइजोल पुलिस स्टेशन की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया, जिसके बाद फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीम ने साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल की विस्तृत जांच की।

मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए आइजोल के सिविल अस्पताल ले जाया गया है, जिससे मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।

Next Post

ब्रिटिश अभिनेता रसेल ब्रांड बलात्कार और यौन उत्पीड़न मामलों में दोषी करार

Fri Nov 6 , 2026
लंदन, (वार्ता) ब्रिटेन की एक अदालत ने 51 वर्षीय प्रसिद्ध ब्रिटिश हास्य अभिनेता और अभिनेता रसेल ब्रांड को बलात्कार के एक मामले तथा यौन उत्पीड़न के तीन मामलों में दोषी पाया है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत के दोषी ठहराए जाने के तुरंत बाद ब्रांड को हिरासत में ले […]

You May Like