पटना, 05 नवंबर (वार्ता) राज्य में दीपावली और छठ महापर्व के दौरान आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष तैयारी की है। इस संबंध में विभाग ने राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों, जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। त्योहारों के दौरान अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही प्रमुख छठ घाटों पर मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, आवश्यक दवाओं और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने इसे लेकर महकमा के सभी पदाधिकारियों और अधिकारियों को खासतौर से सचेत रहने के निर्देश दिये हैं। साथ ही त्योहार में स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी बाधा के निरंतर जारी रखने के लिए भी खासतौर से कहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने दीपावली और छठ महापर्व के दौरान निर्बाध चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए 06 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक सभी चिकित्सकों, नर्सों, पैरामेडिकल एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के अवकाश पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। इस अवधि में किसी भी स्वास्थ्यकर्मी को सामान्य परिस्थितियों में अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। अपरिहार्य स्थिति में सक्षम प्राधिकारी की पूर्व स्वीकृति से ही अवकाश दिया जा सकेगा। सभी अस्पतालों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार उपस्थिति अनिवार्य होगी। साथ ही प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान में आपातकालीन कक्ष एवं सूचना पट्ट पर ड्यूटी रोस्टर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया है।
