रायपुर 21 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस मंगलवार को राज्य के पांच संभागों के सभी प्रमुख मार्गों राष्ट्रीय राजमार्गों एवं राजकीय राजमार्गो पर चक्का जाम कर ‘आर्थिक नाकेबंदी’ करेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोमवार को कहा कि पार्टी 22 जुलाई को 11ः00 बजे से 2ः00 बजे तक पांच संभागों के सभी प्रमुख मार्गों राष्ट्रीय राजमार्गों एवं राजकीय राजमार्गो पर चक्का जाम कर ‘आर्थिक नाकेबंदी’ किया जायेगा। यह आर्थिक नाकेबंदी प्रदेश की जनता के द्वारा छत्तीसगढ़ के संसाधनों की लूट का प्रतिकार होगा। इस नाकेबंदी से एम्बुलेंस तथा स्कूल वाहनों को अलग रखा गया है। हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ की संपदा को बचाना है।
उन्होंने कहा कि रायपुर में मुंबई, कोलकाता नेशनल हाईवे पर वीआईपी चौक तेलीबांधा, तथा बिलासपुर, रायपुर हाईवे पर सांकरा, आरंग, अभनपुर, तिल्दा, खरोरा में नाकेबंदी की जायेगी। इसी प्रकार प्रदेश के सभी शहरों में चक्का जाम नाकेबंदी होगी।
श्री बैज ने आरोप लगाया कि अडानी समूह छत्तीसगढ़ की संपदा को लूट रहा तथा उसका विरोध करने वालों के यहां ईडी की छापेमारी करवा रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र की गिरफ्तारी अडानी और भारतीय जनता पार्टी की साजिश है।
श्री बैज ने कहा कि ‘आर्थिक नाकाबंदी’ कर भाजपा सरकार के संरक्षण में उद्योगपति अडानी के द्वारा जो यहां की खनिज संपदा को लूटा जा रहा है उसका विरोध होगा। आम जनता से अपील है वह भी जंगल कटाई के विरोध में आयोजित इस ‘आर्थिक नाकेबंदी’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले। ‘तानाशाही’ भाजपा सरकार को मुंहतोड़ जवाब दें, अडानी की दादागिरी के खिलाफ खड़े हों और प्रदेश को अडानी से मुक्त कराने कांग्रेस की लड़ाई में सहभागी बने।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार प्रदेश की जंगलों की कटाई की अनुमति देकर वन संपदा, खनिज संपदा की लूट की छूट अडानी को दी है। भाजपा सरकार के संरक्षण में हो रही जंगलों की कटाई और खनिज संपदा की लूट को रोकने के लिए पूरा प्रदेश एकजुट है। प्रदेश की खनिज संपदा को अडानी जैसे पूंजीपति ट्रकों में भरकर प्रदेश से बाहर ले जा रहे हैं इससे छत्तीसगढ़ को जो आर्थिक नुकसान हो रहा है। साथ ही यहां के पर्यावरण भी नष्ट हो रही है। आदिवासी वर्ग एवं आम जनता हसदेव एवं तमनार के हरे भरे जंगलों की कटाई के विरोध में लगातार संघर्ष कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता भी जंगलों को बचाने की मुहिम में लगे हुए हैं, लेकिन भाजपा की सरकार पुलिस तंत्रों का दुरुपयोग करके जंगल कटाई का विरोध कर रहे लोगों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कर रही है, उन पर लाठियां चल रही है।
श्री बैज ने कहा,“भाजपा की सरकार अडानी की गोद में बैठ गई है। अडानी को लाभ पहुंचाने के लिए छत्तीसगढ़ के नागरिकों को जख्मी कर रही है। विरोध करने वालों के खिलाफ ईडी, सीबीआई, आईटी, एसीबी, ईओडब्ल्यू और स्थानीय पुलिस एफआईआर दर्ज कर रही है। लोकतंत्र में मिले आंदोलन के अधिकार को खत्म कर रही है। तानाशाही स्थापित कर रही है लेकिन कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता डरेंगे नहीं बल्कि प्रदेश की समृद्धि, संस्कृति और संसाधनों को बचाने के लिए डटकर मुकाबला करेंगे, ‘आर्थिक नाकेबंदी’ प्रदेश की खनिज संपदा को बचाने की मुहिम है, हमारा संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
