दरभंगा, 05 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार में एसआईआर गलत और पश्चिम बंगाल में सही कैसे हो सकता है। श्री यादव ने गुरुवार को दरभंगा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के समापन के बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर बिहार, बंगाल, तमिलनाडु और केरल सहित पूरे देश में समान रूप से लागू है। इसे लेकर अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग तर्क देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बाद केरल में चुनाव हुआ और वहां कांग्रेस की सरकार बनी तो प्रक्रिया सही बताई गई। वहीं, तमिलनाडु में कांग्रेस को चुनाव में हार मिली और उसकी सहयोगी पार्टी ने भी रातोंरात अपना गठबंधन छोड़कर विजयी दल का साथ पकड़ लिया। ऐसे में एसआईआर को लेकर अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग बातें करना विपक्ष के दोहरे रवैये को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि एसआईआर बिहार में उतना ही सही है, जितना पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में। यह देश और लोकतंत्र के हित में है। जब लोकतंत्र पर इस तरह का हमला होता है तो लोकतंत्र की रक्षा करने वाली शक्तियां घर में बैठकर तमाशा नहीं देख सकतीं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में आपातकाल लागू करने का काम कांग्रेस ने किया था, जबकि लोकतंत्र की रक्षा के लिए एनडीए के नेताओं ने संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में अपनी प्रतिष्ठा बढ़ा रहा है, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था पर झूठे आरोप लगाकर हमला करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के विरोध में राजग कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतरे हैं।
श्री यादव ने मतपत्र, मतदाताओं के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के साथ देश में घुसपैठियों को दूर करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने मिथिलावासियों को दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ की शुभकामनाएं देते हुए देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री के नेतृत्व में धरना स्थल से राजग की पदयात्रा निकाली गई, जो दारू भट्टी चौक पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि चुनाव में मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाने वाले विपक्षी नेताओं को दरभंगा में एक भी ऐसा मतदाता नहीं मिला, जो इस आरोप की पुष्टि कर सके। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि लोकतंत्र और जनादेश का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनादेश के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
कार्यक्रम में दरभंगा के सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर, जदयू विधायक विनय कुमार चौधरी, राजेश कुमार मंडल, भाजपा विधायक मुरारी मोहन झा सहित जिले के सभी विधायक, एनडीए के घटक दलों के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
