परिवार के साथ छुट्टियां बिताने का बढ़ रहा चलन: रिपोर्ट

नयी दिल्ली, 05 नवंबर (वार्ता) भारतीय परिवारों में छुट्टियों का स्वरूप अब बदल रहा है। यात्री अब सिर्फ नयी जगहें देखने की बजाय परिवार की अलग-अलग पीढ़ी के सदस्यों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताने को अधिक महत्व दे रहे हैं।

ऑनलाइन होमस्टे मार्केटप्लेस एयरबीएनबी के एक सर्वेक्षण में पता चला है कि ‘जेन ज़ी’ और ‘मिलेनियल्स’ में हर चार में से तीन लोग परिवार की अन्य पीढ़ी के सदस्यों के साथ यात्रा करने की इच्छा रखते हैं। यह दिखाता है कि छुट्टियों में साथ रहने, अनुभव साझा करने और एक-दूसरे से सार्थक जुड़ाव में लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है।

कंपनी के आंतरिक आंकड़ों के अनुसार, घरेलू स्तर पर पांच या अधिक मेहमानों वाले ऐसे समूहों की तरफ से ठहरने जगह सर्च करने के मामले सालाना आधार पर 55 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिनमें कम से कम एक बच्चा या शिशु शामिल है। परिवार के साथ छुट्टियां बिताने से लेकर एक ही छत के नीचे अपनों के साथ समय गुजारने तक, ये नतीजे बताते हैं कि यात्रा को लेकर पसंद तय करने में अब आपसी जुड़ाव और गुणवत्तापूर्ण समय जैसे मानक कितने महत्वपूर्ण हो गए हैं।

सर्वेक्षण के अनुसार, 55 प्रतिशत लोग इन यात्राओं को साझा यादें बनाने, 52 प्रतिशत लोग साथ मिलकर आनंद लेने और 51 प्रतिशत लोग परिवार तथा दोस्तों के साथ रिश्ते मजबूत करने का जरिया मानते हैं।

‘जेन ज़ी’ में 70 प्रतिशत लोगों का कहना है कि कुछ साल पहले की तुलना में अब परिवार की अलग-अलग पीढ़ियों के साथ यात्रा करने की संभावना अधिक है। पिछले एक साल में 60 प्रतिशत से अधिक ‘जेन ज़ी’ ने दोस्तों और माता-पिता दोनों के साथ यात्रा की। ‘मिलेनियल्स’ में यह आंकड़ा क्रमशः 49 और 46 प्रतिशत रहा।

एयरबीएनबी की ‘नेवर द सेम’ रिपोर्ट के मुताबिक, हर चार में से तीन ‘जेन ज़ी’ यात्रियों ने कहा कि उनके लिए यात्रा के गंतव्य से ज्यादा यह महत्वपूर्ण है कि वे किसके साथ यात्रा कर रहे हैं। यह ट्रेंड उनकी बुकिंग के तरीके में भी दिख रहा है। भारत में ‘जेन ज़ी’ यात्रियों द्वारा समूह में की जाने वाली बुकिंग में सालाना आधार पर लगभग 55 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यात्रा की योजना बनाते समय करीब 50 प्रतिशत लोग पूरा घर, विला या अपार्टमेंट पसंद करते हैं। इससे पता चलता है कि युवा यात्री ठहरने के लिए ऐसी जगह चाहते हैं, जहां पूरा परिवार साथ समय बिता सके।

 

 

Next Post

भारत की अध्यक्षता में हीरा व्यापार पर किंबरले प्रासेस की इस माह नयी दिल्ली में होने वाली पूर्ण बैठक की तैयारियां जोरो पर

Thu Nov 5 , 2026
नयी दिल्ली, 05 नवंबर (वार्ता) गृहयुद्ध से प्रभावित अफ्रीकी देशों के हीरे के अवैध अंतराष्ट्रीय व्यापार पर अंकुश के लिए किंबरले प्रोसेस (केपी) के नाम से स्थापित वैश्विक व्यवस्था के सदस्य देशों का पूर्व अधिवेशन ( केपी प्लेनरी) भारत की मेजबानी में 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक यहां ‘भारत […]

You May Like