मुंबई, 05 नवंबर (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया गुरुवार को पांच पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.41 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 29 पैसे की मजबूती के साथ 94.46 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपया आज 10 पैसे की बढ़त के साथ 94.36 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। यह ऊपर 94.32 रुपये और नीचे 94.57 रुपये प्रति डॉलर तक गया। अंत में 94.41 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा बुधवार की बड़ी गिरावट के बाद आज ढाई प्रतिशत चढ़कर 97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में हल्की तेजी से भी रुपये पर दबाव रहा।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफपीआई) के भारतीय पूंजी बाजार में लिवाल रहने से रुपये को समर्थन मिला। एफपीआई ने आज 106.6 करोड़ डॉलर का शुद्ध निवेश किया।
