
छिंदवाड़ा। दीपावली के त्योहार पर छिंदवाड़ा पुलिस ने उन लोगों की खुशियां दोगुनी कर दीं, जिनके मोबाइल फोन गुम हो गए थे। पुलिस की सायबर सेल टीम ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयासों के जरिए 26 लाख 58 हजार रुपये कीमत के 151 गुम मोबाइल फोन खोज निकाले। गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में इन मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मोबाइल गुम होने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सायबर सेल की टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइलों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद अलग-अलग स्थानों से 151 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए। इनकी अनुमानित बाजार कीमत 26 लाख 58 हजार रुपये आंकी गई है।
इस साल 752 मोबाइल पहले भी लौटाए
गुम मोबाइलों की बरामदगी के मामले में छिंदवाड़ा पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस के मुताबिक, इसी वर्ष अब तक करीब एक करोड़ 47 लाख 17 हजार रुपये कीमत के 752 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। दीपावली के अवसर पर 151 मोबाइलों की वापसी इसी अभियान की अगली कड़ी है। मोबाइल वापस पाने वालों में शिक्षक, शासकीय कर्मचारी, डॉक्टर, नर्स, इंजीनियर, बैंककर्मी, व्यापारी, विद्यार्थी, किसान, श्रमिक, वाहन चालक और गृहिणियां शामिल हैं।
सायबर सेल टीम को मिलेगा पुरस्कार
मोबाइल बरामदगी में निरीक्षक कंचन राजपूत, प्रधान आरक्षक नितिन सिंह, आरक्षक आदित्य रघुवंशी, अभिषेक ठाकुर, राहुल डडोरे, अंकित शर्मा, मोहित चन्द्रवंशी और हर्ष का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने टीम के सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उसे पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं और सायबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता बरतें।
